संसद में गरजे पीएम मोदी, कहा - कांग्रेस की सोच सिखों के खिलाफ, अहंकार सातवें आसमान पर

  • Post By Admin on Feb 05 2026
संसद में गरजे पीएम मोदी, कहा - कांग्रेस की सोच सिखों के खिलाफ, अहंकार सातवें आसमान पर

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बार-बार सिख समाज और सिख गुरुओं का अपमान किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि एक दिन पहले इसी सदन में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने एक सिख सांसद को गद्दार कह दिया, जो कांग्रेस के अहंकार और सिखों के प्रति नफरत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सिर्फ सिख होने के कारण सांसद को गद्दार कहना न केवल उस व्यक्ति का, बल्कि पूरे सिख समाज और सिख गुरुओं का अपमान है। प्रधानमंत्री ने इसे कांग्रेस के भीतर सिखों के प्रति भरी हुई नकारात्मक सोच की अभिव्यक्ति बताया।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी असम के लोगों से भी गहरी नफरत रखती है। उन्होंने प्रसिद्ध गायक और असम की सांस्कृतिक पहचान भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिए जाने के फैसले पर कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध का जिक्र करते हुए इसे पूरे असम और कला जगत का अपमान बताया।

पीएम मोदी ने राजनीतिक हिंसा का उदाहरण देते हुए कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते सदानंदन जी मास्टर के दोनों पैर काट दिए गए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कभी कटु भाषा का प्रयोग नहीं किया और देश सेवा का अपना संकल्प जारी रखा। प्रधानमंत्री ने सदानंदन जी के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सत्ता उनके लिए सुख का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने मुद्रा योजना, स्वरोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की बात करते हुए कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि उसने कभी स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित नहीं किया।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग के कारण कई जानें जाती थीं, लेकिन उनकी सरकार ने ऐसे सभी क्रॉसिंग को बंद करवा दिया। इसके अलावा 18 हजार से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाने और देश के हर हिस्से में विकास की रोशनी लाने का भी उन्होंने दावा किया।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पहले सेना के पास जरूरी संसाधनों की कमी रहती थी, लेकिन उनकी सरकार ने सेना को गोला-बारूद और बुलेटप्रूफ जैकेट जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत किया है।