मौत का खनन : अवैध कोयला खदान में धमाका, चार मजदूरों की मौत
- Post By Admin on Feb 05 2026
शिलॉन्ग : मेघालय के ईस्ट जेंटिया हिल्स जिले के थांग्सको क्षेत्र में गुरुवार को एक संदिग्ध अवैध कोयला खदान में जोरदार विस्फोट होने से चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पास की खदान की सुरंगें भी ढह गईं और मजदूर जमीन के नीचे फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। ईस्ट जेंटिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि सुबह हुए इस हादसे के बाद तत्काल राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को बुलाया गया और बचाव अभियान शुरू किया गया।
विस्फोट में घायल मजदूर को पहले सुतन्गा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शिलॉन्ग के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित कोयला खदान अवैध रूप से संचालित की जा रही थी और क्षेत्र में प्रतिबंधित रैट-होल खनन नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है, साथ ही अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान भी की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर ईस्ट जेंटिया हिल्स जिले में अवैध कोयला खनन की गंभीर समस्या को उजागर करता है। बीते वर्षों में इस क्षेत्र में कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद कोर्ट के आदेशों और प्रशासनिक सख्ती के बाद भी अवैध खनन पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।
फिलहाल जोवाई से पहुंची एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, हालांकि ढही सुरंगों और जोखिम भरे हालात के कारण अभियान काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।