डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों से विपक्ष हुआ मुद्दाविहीन: विजय कुमार सिन्हा

  • Post By Admin on Dec 02 2024
डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों से विपक्ष हुआ मुद्दाविहीन: विजय कुमार सिन्हा

लखीसराय : आगामी 15 दिसंबर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित 'महिला संवाद यात्रा' को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2005 में एनडीए सरकार बनने के बाद से अब तक राज्यव्यापी 14 यात्राएं की हैं और इन यात्राओं के दौरान जनता ने उनका स्वागत किया है। सिन्हा ने कहा कि ये यात्राएं मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की समीक्षा और जनता से फीडबैक लेने का महत्वपूर्ण माध्यम रही हैं।

सिन्हा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के कारण विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है। विपक्ष की ओर से कभी जातिवाद को बढ़ावा देने की कोशिश की जाती है तो कभी तुष्टिकरण की राजनीति की जाती है। सिन्हा ने आरोप लगाया कि बिहार में विपक्ष के नेताओं ने प्रदेश के संसाधनों का दुरुपयोग कर अपने निजी लाभ के लिए खर्च किया  जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास यात्रा से इन्हें फिजूलखर्ची दिख रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 'केजरीवाल मॉडल' की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के उपचुनाव में यह स्पष्ट हो गया कि झूठे आरोपों और निराधार मुद्दों के आधार पर बिहार की जनता का दिल नहीं जीता जा सकता। बिहार की जनता समेकित विकास और खरे नेतृत्व से संतुष्ट है और यही कारण है कि उन्होंने बार-बार एनडीए गठबंधन को अपना समर्थन दिया है। सिन्हा ने विश्वास जताया कि 2025 में भी बढ़े हुए समर्थन के साथ एनडीए के पक्ष में जनादेश की पुनरावृत्ति होगी।