कर्नाटक : 13 मई को कर्नाटक व‍िधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। पिछले शनिवार को हुए मतगणना में कर्नाटक की 224 सीटों में से कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए बहुमत हासिल किया। नतीजे आने के बाद कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर पांच दिन तक मंथन चलता रहा। जिसके परिणामस्वरूप कर्नाटक में आज (शनिवार) कांग्रेस की सरकार बन गई। सिद्धारमैया ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उन्हें शपथ दिलाई। उनके बाद डीके शिवकुमार ने डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ ली। कर्नाटक में डॉ. जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, के.जे जॉर्ज और एमबी पाटिल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। सतीश जारकीहोली, प्रियांक खड़गे (मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे), रामालिंगा रेड्‌डी और जमीर अहमद खान ने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

कर्नाटक कैबिनेट में कुल 34 मंत्रियों को शामिल किया जाना है। अभी सिर्फ 8 को शामिल किया गया है। पहली कैबिनेट में नॉर्थ कर्नाटक की जगह साउथ कर्नाटक को तवज्जो दी गई है। साउथ कर्नाटक से 5 मंत्री हैं, जबकि नॉर्थ से सिर्फ 3 हैं। वहीं, 8 में से सबसे ज्यादा 3 मंत्री SC से हैं। बाकी समुदाय से भी मंत्री बनाकर कांग्रेस ने सोशल इंजीनियरिंग की है।

शपथ ग्रहण में नौ विपक्षी पार्टियों के नेता मौजूद रहे। इनमें महबूबा मुफ्ती (PDP), नीतीश कुमार (JDU), तेजस्वी यादव (RJD), डी. राजा और सीताराम येचुरी (लेफ्ट), एमके स्टालिन (DMK), शरद पवार (NCP), फारूख अब्दुल्ला (नेशनल कांग्रेस), कमल हासन (मक्कल नीधि माईम) शामिल हैं। इनके अलावा, कांग्रेंस से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कमलनाथ और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। हालांकि, सोनिया गांधी नहीं पहुंचीं।

इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा, 'हमने आपसे 5 वादे किए थे। 1-2 घंटे में कर्नाटक सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग होगी। उसमें ये 5 वादे कानून बन जाएंगे। मैंने कहा था कि हम झूठे वादे नहीं करते। हम जो कहते हैं, वह करते हैं।' शाम को 4 बजे पहली कैबिनेट की मीटिंग होगी। इसमें CM डिप्टी CM के साथ 8 मंत्री शामिल होंगे।