सैम पित्रोदा पर बरसे डिप्टी सीएम, कांग्रेस-राजद को बताया देश विरोधी सोच का प्रतीक
- Post By Admin on Sep 19 2025

लखीसराय : गांधी परिवार के करीबी और प्रवासी कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा के 'पाकिस्तान को घर जैसा' कहने वाले बयान ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इसे राष्ट्रविरोधी बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
सिन्हा ने कहा कि गांधी परिवार के नजदीकी और कांग्रेस के दो प्रधानमंत्रियों के सलाहकार रहे पित्रोदा का यह बयान बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इन्हीं पित्रोदा को ‘अंकल सैम’ कहकर अपना अभिभावक मानते हैं। कांग्रेस के पदाधिकारी होकर बार-बार देश की छवि को धूमिल करने वाले पित्रोदा के इस दुस्साहस पर पूरा विपक्ष मौन समर्थन देता रहा है, जो देश की संप्रभुता और वैश्विक छवि के लिए खतरनाक है।
डिप्टी सीएम ने याद दिलाया कि यही पित्रोदा पहले भी भारत की संतान को लेकर नस्लीय टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने भारतीयों को बदसूरत बताते हुए चाइनीज और अफ्रीकन लोगों से तुलना की थी। उनका वास्तविक नाम सत्यनारायण पित्रोदा है, लेकिन उन्हें अपने भारतीय नाम से परहेज है। ऐसे लोग ही कांग्रेस और इंडी गठबंधन के थिंक टैंक रहे हैं, जिससे इनकी सोच और नीति-नीयत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा कि कांग्रेस और राजद बार-बार बिहारी, नारी और देश की अस्मिता से खिलवाड़ करते रहे हैं। इन दलों के नेताओं के लिए संविधान, संस्थाओं और राष्ट्रीय संप्रभुता का कोई सम्मान नहीं बचा है। यही कारण है कि बिहार और देश की जनता ने इन्हें राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक करार दिया है।