पीके का बड़ा हमला, NDA के 4 दिग्गज नेताओं पर गंभीर आरोप

  • Post By Admin on Sep 19 2025
पीके का बड़ा हमला, NDA के 4 दिग्गज नेताओं पर गंभीर आरोप
  • मंगल पांडे की पत्नी के अकाउंट में 2.12 करोड़? – पीके का सवाल
  • सम्राट चौधरी पर फर्जी उम्र और डिग्री का आरोप
  • अशोक चौधरी पर बेनामी संपत्ति का खुलासा
  • संजय जायसवाल पर फ्लाईओवर रोकने और घोटाले का आरोप
  • पीके बोले – “सात जन्म लग जाएंगे, तब भी हाथ नहीं पकड़ पाएंगे”

पटना : जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को पटना स्थित कैंप कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NDA के चार बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मंत्री मंगल पांडेय, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जेडीयू नेता अशोक चौधरी और भाजपा सांसद संजय जायसवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े से जुड़े कई खुलासे किए।

पीके ने सबसे पहले स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पत्नी उर्मिला पांडेय के अकाउंट में वर्ष 2019-20 के दौरान 2 करोड़ 12 लाख रुपये जमा हुए। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर इतना पैसा था तो मंत्री ने दिलीप जायसवाल से कर्ज क्यों लिया? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंगल पांडेय जवाब नहीं देते तो वे अकाउंट से जुड़े सबूत सार्वजनिक करेंगे। इसके बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को घेरते हुए पीके ने कहा कि वे नाम बदलने के विशेषज्ञ हैं और सदानंद सिंह मर्डर केस में आरोपी रह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी ने फर्जी उम्र और डिग्री के सर्टिफिकेट के आधार पर राजनीति में जगह बनाई और चुनावी हलफनामे में भी गलत जानकारियां दीं।

जेडीयू नेता अशोक चौधरी पर हमला बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने अपने पीए के नाम पर बेनामी जमीन खरीदी और बाद में अपनी बेटी के नाम कर दी। आरोप लगाया कि बेटी की सगाई के बाद मानव वैभव विकास ट्रस्ट के माध्यम से सैकड़ों करोड़ की जमीन की खरीद-फरोख्त की गई। उन्होंने कहा कि इस ट्रस्ट से जुड़े पूर्व ब्यूरोक्रेट जियालाल आर्या और अनिता कुणाल जैसे लोगों को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। भाजपा सांसद संजय जायसवाल पर करारा प्रहार करते हुए पीके ने कहा कि जायसवाल ने अपने पेट्रोल पंप की वजह से बेतिया में फ्लाईओवर बनने नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जायसवाल ने नगर निगम की गाड़ियों के फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये का घोटाला किया। पीके ने चुनौती देते हुए कहा कि “सात जन्म लग जाएंगे, तब भी आप मेरा हाथ नहीं पकड़ पाएंगे, जेल भेजने की बात तो दूर।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे और कहा कि भ्रष्टाचार के इन मामलों को लेकर पार्टी लगातार साक्ष्य जुटा रही है तथा जरूरत पड़ने पर अदालत का दरवाजा भी खटखटाएगी।