स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं की हुंकार, संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान
- Post By Admin on Apr 06 2026
लखीसराय : भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर लखीसराय स्थित जिला भाजपा कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उद्योग व्यवसाय प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश रूंगटा की गरिमामयी उपस्थिति में भगवान सत्यनारायण की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुरेश रूंगटा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के बल पर आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, सेवा और समर्पण पार्टी की मूल विचारधारा है और प्रत्येक कार्यकर्ता के प्रयासों से ही संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि आने वाली चुनौतियों के लिए सभी को अभी से तैयार रहना होगा। उन्होंने संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती लाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष सीताराम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू, अमरजीत प्रजापति, प्रमोद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल, चंदन यादव और नवीन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा पासवान, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद, मंडल अध्यक्ष मुकुल सिंह, वेन्केश्वर सिंह, अमित कुमार, नरेंद्र साहू, जयशंकर पांडे सहित शोभा रानी, नीतू सिंह, आलोक राज और आनंद कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक सशक्त और प्रभावशाली बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इसकी जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।