बिहार उपचुनाव से पहले जीतन राम मांझी ने प्रशांत किशोर को दी सलाह, कहा- अखाड़ा में आएंगे 

  • Post By Admin on Oct 14 2024
बिहार उपचुनाव से पहले जीतन राम मांझी ने प्रशांत किशोर को दी सलाह, कहा- अखाड़ा में आएंगे 

गया : 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद बिहार में तरारी, रामगढ़, इमामगंज और बेलागंज विधानसभा सीट खाली हुई है। इन सभी पर उपचुनाव होना है। कभी भी उपचुनाव का ऐलान हो सकता है। इसमें से तीन सीटें महागठबंधन की हैं जबकि एक सीट एनडीए में शामिल पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की है। उपचुनाव का ऐलान भले ना हुआ हो लेकिन नेताओं ने तैयारी और बयानबाजी शुरू कर दी है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बड़ी भविष्यवाणी कर दी है.

बीते रविवार को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गया के महकार स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इमामगंज विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जन सुराज पार्टी भी उम्मीदवार देगी इस पर जीतन राम मांझी ने कहा कि, "हर कोई उम्मीदवार देता है। बहुत सारे निर्दलीय उम्मीदवार भी आते हैं। अब जनता के ऊपर है। जब अखाड़ा में आएंगे, पहलवान लड़ता है तभी न पता चलता है कि कौन कैसा होता है।

इमामगंज में हम पार्टी ही जीतेगी, किया दावा 

जीतन राम मांझी ने उपचुनाव के ऐलान से पहले ही जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इमामगंज में 'हम' पार्टी चुनाव जीतेगी। बेलागंज विधानसभा में नतीजा उलट होगा। यहां आरजेडी की सीट छिन जाएगी। जेडीयू के लोग लड़ेंगे और हमारे एनडीए के जो भी कैंडिडेट होंगे वह चुनाव जीतेंगे। सवाल के जवाब में कहा कि 'हम' पार्टी से कौन उम्मीदवार होगा इसके लिए संसदीय बोर्ड की बैठक होगी। इसमें तय किया जाएगा कि 'हम' पार्टी से कौन उम्मीदवार होगा।

गिरिराज सिंह यात्रा निकाल रहे तो क्या दोष?


वहीं, जीतन राम मांझी ने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह के 'हिंदू स्वाभिमान यात्रा' पर कहा कि सभी लोग यात्रा निकाल रहे हैं। अगर 'हिंदू स्वाभिमान यात्रा' निकाल रहे हैं तो क्या दोष है। यात्रा निकालने की सबको आजादी है। कोई 'अधिकार यात्रा' निकालता है कोई 'स्वाभिमान यात्रा' निकालता है, कोई 'हिंदू बचाओ यात्रा' निकालता है। गिरिराज सिंह अगर यात्रा निकाल रहे हैं तो गलत क्या कर रहे हैं? वह अपने आप में ठीक कर रहे हैं।