कांग्रेस पर भ्रामक प्रचार का आरोप, लखीसराय में भाजपा जिलाध्यक्ष ने साधा राहुल–कन्हैया पर निशाना
- Post By Admin on Aug 22 2025
.jpg)
लखीसराय : पुराना बाजार धर्मशाला में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि जिले में हाल ही में घटी दो घटनाओं पर भाजपा की स्थिति स्पष्ट करनी आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष ने पहली घटना का जिक्र करते हुए बताया कि कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने अपनी प्रेस वार्ता में बिहार की जनता को गुमराह करने की कोशिश की। कन्हैया ने सरकार पर यह आरोप लगाया कि पहले वह विधायकों और सांसदों की चोरी करती थी और अब वोट चोरी कर रही है। इसी कारण राहुल गांधी "वोट अधिकार यात्रा" निकाल रहे हैं। दीपक कुमार ने इन आरोपों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया।
दूसरी घटना राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के रोड शो से जुड़ी रही। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने लखीसराय में रोड शो के दौरान न तो किसी स्थानीय नेता से मुलाकात की और न ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष से हाथ मिलाना उचित समझा। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां भी जाते हैं, कार्यकर्ताओं से सीधे मिलकर उनका मनोबल बढ़ाते हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार के प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक का भी जिक्र किया और कहा कि यह भ्रष्टाचार और गंभीर आपराधिक मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने वाला ऐतिहासिक कदम है। इसके तहत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री यदि गंभीर अपराध में 30 दिन से अधिक हिरासत में रहते हैं तो उन्हें पद से हटाया जा सकेगा। इसे उन्होंने संवैधानिक नैतिकता और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दीपक कुमार ने कहा कि उनका हेलिकॉप्टर अशोक धाम के समीप उतरा, लेकिन उन्होंने महादेव का दर्शन करना जरूरी नहीं समझा। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस न तो पौराणिक मान्यताओं का सम्मान करती है और न ही जनता की आस्थाओं का। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेताओं में शहीदों और महापुरुषों की विरासत के प्रति संवेदनशीलता भी नहीं है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा से मुस्लिम तुष्टीकरण पर आधारित रही है और यही उसकी असली पहचान है। उन्होंने राहुल गांधी को “जननायक” कहे जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि असली जननायक केवल कर्पूरी ठाकुर हैं, जिन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विकास आनंद, अभिषेक सिंह और मुकुल सिंह मौजूद रहे।