बेगूसराय को मिली बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने औंटा-सिमरिया 6 लेन गंगा पुल का किया लोकार्पण
- Post By Admin on Aug 22 2025

बेगूसराय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने एक दिवसीय बिहार दौरे के दौरान बेगूसराय पहुंचे और गंगा नदी पर बने बहुप्रतीक्षित औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल को जनता को समर्पित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुल से ही हजारों की संख्या में उमड़ी जनता का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री के आगमन पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक गीतों से उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी ने पुल पर रोड शो कर जनता का हाथ हिलाकर अभिनंदन स्वीकार किया। मौके पर भारी उत्साह और जोश देखने को मिला।
करीब 1.865 किलोमीटर लंबे और कुल 8.150 किलोमीटर पहुंच पथ वाली इस परियोजना पर लगभग 1871 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मोकामा के औंटा और बेगूसराय के सिमरिया को जोड़ने वाला यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा और तेज संपर्क स्थापित करेगा। इसके चालू हो जाने से पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और गोपालगंज जैसे उत्तर बिहार के जिलों के साथ-साथ गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, नालंदा, रोहतास, जमुई, बांका और भागलपुर जैसे दक्षिण बिहार के जिलों की यात्रा पटना की ओर और आसान हो जाएगी।
पीएम मोदी ने कहा कि इस पुल का शिलान्यास करने का अवसर उन्हें पहले मिला था और अब इसका लोकार्पण करने का सौभाग्य भी उन्हें प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल सड़कों को नहीं, बल्कि पूरे उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला है। इसके शुरू होने से आवागमन का समय बचेगा और लोगों की सुविधा में व्यापक सुधार होगा।
लोकार्पण के इस मौके को लेकर बेगूसराय और आसपास के इलाकों में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा।