स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार लाल किले की प्राचीर से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

  • Post By Admin on Aug 10 2026
स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार लाल किले की प्राचीर से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

नई दिल्ली : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार एक ऐतिहासिक और विशेष पहल देखने को मिलेगी। रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि पहली बार 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ गाया जाएगा। इसे स्वतंत्रता दिवस समारोह का औपचारिक और प्रमुख हिस्सा बनाया गया है।

हर वर्ष की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे, लेकिन इस बार उनके संबोधन से पहले ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह पहली बार होगा जब स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि वर्ष 2026 में 'वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी ऐतिहासिक अवसर को ध्यान में रखते हुए इसे 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का विशेष आकर्षण बनाया गया है। सरकार का मानना है कि यह गीत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की भावना, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि समारोह की तैयारियों में राष्ट्रगीत के विशेष प्रस्तुतीकरण को प्रमुख स्थान दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में होने वाले कार्यक्रमों में भी ‘वंदे मातरम्’ की विशेष गूंज सुनाई देने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। इसके 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लाल किले से इसका गायन स्वतंत्रता दिवस समारोह को ऐतिहासिक महत्व प्रदान करेगा और देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा देगा।