तापमान बढ़ते ही प्रशासन हरकत में, प्याऊ और मेडिकल सुविधाओं का विस्तार

  • Post By Admin on Apr 27 2026
तापमान बढ़ते ही प्रशासन हरकत में, प्याऊ और मेडिकल सुविधाओं का विस्तार

लखीसराय : जिले में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद सभी विभागों को सतर्क रहने और जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है। बस स्टैंड और रैन बसेरों में ठंडे पानी के साथ प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रखते हुए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में ओआरएस, आईवी फ्लूइड और जरूरी दवाओं का पर्याप्त भंडार रखने का निर्देश दिया गया है। लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में विशेष वार्ड बनाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर मोबाइल मेडिकल टीम भी तैनात की जाएगी।

जल संकट से निपटने के लिए खराब चापाकलों की मरम्मत और टैंकर के जरिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, स्कूलों और परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए पेयजल और ओआरएस की व्यवस्था करने को कहा गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए पानी और दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, जबकि श्रम विभाग को मजदूरों के लिए कार्यस्थलों पर छाया और पानी की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है। बिजली विभाग को निर्बाध आपूर्ति और खराब तारों की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही अग्निशमन विभाग द्वारा आग से बचाव को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों, अस्पतालों और घनी आबादी वाले इलाकों में मॉक ड्रिल के जरिए लोगों को आग से बचाव के तरीके सिखाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि भीषण गर्मी के इस दौर में किसी भी प्रकार की जनहानि न हो और लोगों को हर संभव राहत मिल सके।