समाहरणालय में डीएम का औचक निरीक्षण, जनसेवा में तेजी लाने के निर्देश

  • Post By Admin on Apr 27 2026
समाहरणालय में डीएम का औचक निरीक्षण, जनसेवा में तेजी लाने के निर्देश

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालयों की कार्यप्रणाली, व्यवस्था और जनसेवा से जुड़े कार्यों की प्रगति का आकलन करना था।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिला स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, नजारत शाखा, जिला पंचायती राज कार्यालय, निर्वाचन शाखा, नीलाम शाखा, भू अर्जन कार्यालय, राजस्व शाखा तथा ट्रेजरी कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने सभी कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने और कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े मामलों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

इस मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।