नई दिल्ली: भारत और नेपाल के रिश्तों को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की नई दिल्ली में अहम द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। बालेन शाह रविवार को अपनी पहली भारत यात्रा पर पहुंचे थे। यह प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है।
बैठक में दोनों देशों के बीच ऊर्जा, रेलवे, सड़क संपर्क, बुनियादी ढांचे, तकनीक, मानव संसाधन विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों देश आपसी सहयोग को मजबूत करने और लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर भी विचार कर सकते हैं। इस यात्रा को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क को लेकर भी विशेष चर्चा और पहल की उम्मीद जताई गई है। दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में यह संपर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।














