मुजफ्फरपुर: पानी टंकी चौक स्थित बिहार बाल भवन ‘किलकारी’ में रविवार, 22 नवंबर 2026 को ‘बचवन के परब’ सह स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर किलकारी के बच्चों ने तिलक लगाकर और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। पूरे आयोजन में बच्चों की कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में डीपीओ आयुष कुमार ने कहा कि कला समाज में बच्चों को अलग पहचान और सम्मान दिलाती है। बच्चों को निरंतर सीखते हुए अपने कौशल का विकास करना चाहिए, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में विशेषज्ञ बन सकें। उन्होंने कहा कि कला से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनके भावनात्मक एवं सामाजिक विकास को भी मजबूती मिलती है। अतिथियों का स्वागत प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि बिहार बाल भवन किलकारी की स्थापना शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा बच्चों के सृजनात्मक विकास के उद्देश्य से की गई है। यह संस्था पिछले 13 वर्षों से बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए काम कर रही है। मुजफ्फरपुर स्थित किलकारी में 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को संगीत, चित्रकला, मिथिला चित्रकला, हस्तकला, नृत्य, कराटे, कबड्डी, खो-खो, नाट्य और कंप्यूटर सहित विभिन्न विधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए समय-समय पर नृत्य, हस्तकला, चित्रकला, संगीत और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाती है और उन्हें अपनी प्रदर्शन कलाओं को प्रस्तुत करने के लिए मंच भी उपलब्ध कराया जाता है। समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें जिला स्कूल, सरस्वती विद्या निकेतन, बी.बी. कॉलेजिएट उच्च विद्यालय, मदर टेरेसा विद्यापीठ, हरिहर नारायण बालिका मध्य विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय मिठनपुरा हिंदी, आदर्श मध्य विद्यालय कल्याणी, एस.डी.के.डी. आर्य कन्या मध्य विद्यालय, राजकीय मारवाड़ी मध्य विद्यालय, विश्व भारती स्कूल, राजकीय मध्य विद्यालय उर्दू पक्की सराय, राजकीय मध्य विद्यालय हिंदी पक्की सराय, शुभम विकलांग विकास संस्थान केंद्र, राजकीय मध्य विद्यालय बहलखाना, अंबेडकर आवासीय बालिका उच्च विद्यालय, राजकीय चैपमैन बालिका उच्च विद्यालय, एम.एस.के.बी. उच्च विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय रोहुआ और राजकीय हाई स्कूल रोहुआ के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
बच्चों ने गणेश वंदना पर कथक नृत्य, गिटार-बॉलीवुड मैशअप, भरतनाट्यम, स्वच्छता एवं प्रकृति संरक्षण पर आधारित नाटक, संस्कार गीत और विवाह गीत पर भावनृत्य तथा भजन मैशअप प्रस्तुत किए। कराटे के माध्यम से टाइल ब्रेकिंग का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अतिरिक्त मंजुल श्री ने गीता पाठ किया। कार्यक्रम स्थल पर आर्ट एंड क्राफ्ट, मधुबनी पेंटिंग और पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों ने आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन कर अपनी तैयारी भी दिखाई।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा बज्जिका भाषा में किया गया मंच संचालन रहा। आदित्य, आनन्या, मान्या श्री और श्रेया ने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाली और अपनी प्रस्तुति से उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया। मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी इंद्रजीत कुमार ने निभाई। इस अवसर पर डॉ. ए.के. दास, डॉ. प्रियंका त्रिपाठी, प्रोफेसर सोनू सरकार सहित किलकारी के प्रशिक्षक कायनात आफरीन, सीमा कुमारी, गौरीशंकर मिश्रा, अरुणिमा, अमन राज, सोनू कुमार, सौरभ कुमार, सुजाता कुमारी, रूपा पाठक, राजू सहनी, आशीष राज, बब्लू कुमार, राजीव कुमार, अर्पिता कुमारी, कृष्णनंदन कुमार, प्रियंका चौधरी, पूर्णिमा बाला और अंजली कुमारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी गुलशन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। ‘बचवन के परब’ समारोह ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास का संदेश दिया।
















