मुजफ्फरपुर में 7 दिवसीय नाट्य कार्यशाला की शुरुआत, रंगमंच से आत्म विकास का संदेश

  • Post By Admin on Apr 27 2026
मुजफ्फरपुर में 7 दिवसीय नाट्य कार्यशाला की शुरुआत, रंगमंच से आत्म विकास का संदेश

मुजफ्फरपुर: जिले के मालीघाट स्थित आदर्श राजकीय उच्च मध्य विद्यालय, बी.एम.पी. कम्पाउंड में सुप्रसिद्ध नाट्य संस्था सबेरा जन उत्थान सामाजिक संस्थान द्वारा 7 दिवसीय प्रस्तुति परक नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। सोमवार को आयोजित उद्घाटन सत्र में रंगमंच के माध्यम से आत्म विकास और समाज निर्माण पर विशेष चर्चा की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था के सचिव सुजीत कुमार, आकाशवाणी पटना के उद्घोषक नवीन कुमार, फिल्म निर्देशक एवं लेखक रितेश परमार और विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार की उपस्थिति में किया गया। सभी अतिथियों ने रंगमंच की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल अभिव्यक्ति का माध्यम है, बल्कि व्यक्तित्व विकास का सशक्त साधन भी है। कार्यशाला के निदेशक एवं कठपुतली कला विशेषज्ञ सुनील कुमार ने बताया कि इस सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को रंगमंच की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विलुप्त होती नाट्य परंपरा को पुनर्जीवित करना और बच्चों को सामाजिक विषयों पर जागरूक बनाना है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, हास्य-व्यंग्य और ज्ञानवर्धक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें युगराज, गोलू कुमार, वंशराज, हिमांशु, अभिमन्यु, आदर्श, सिद्धार्थ राज, मनीष, ऋषव, प्रियांशु, एमडी जैन जुबैल, आर्यन कुमार, चांदनी कुमारी, सलोनी गुप्ता, मिष्टी, मुस्कान भारती, पनवी, आनन्या, शिवानी, सोनी, साक्षी, अंशु, आयात प्रवीण, अंजली, रौनक प्रवीण, पीहू, प्रियंका, संध्या, परिधि और रचना शामिल हैं।

इस अवसर पर शिक्षिका शिवानी आर्या, शिक्षक अमित कुमार तथा कार्यशाला संरक्षक व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे। यह कार्यशाला बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें सामाजिक रूप से जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।