1990 के आर्थिक संकट की कहानी लेकर आई ‘गवर्नर’, पटना स्क्रीनिंग में दर्शकों ने की जमकर सराहना

  • Post By Admin on Jun 12 2026
1990 के आर्थिक संकट की कहानी लेकर आई ‘गवर्नर’, पटना स्क्रीनिंग में दर्शकों ने की जमकर सराहना

पटना : राजधानी पटना में शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गवर्नर’ की स्पेशल स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया, जिसमें फिल्म प्रेमियों, गणमान्य लोगों और सिनेमा जगत से जुड़े लोगों ने भाग लिया। अभिनेता मनोज बाजपेयी और अभिनेत्री अदा शर्मा अभिनीत इस फिल्म को दर्शकों ने खूब सराहा तथा इसकी कहानी, निर्देशन और कलाकारों के अभिनय की प्रशंसा की।

भारत के 1990 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म उस दौर की चुनौतियों और संघर्षों को बड़े पर्दे पर जीवंत करती है। फिल्म की कहानी एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी ‘रमन’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें अचानक भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। देश गंभीर आर्थिक संकट, महंगाई और ईंधन की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहा होता है, ऐसे में रमन के सामने देश को इस मुश्किल दौर से बाहर निकालने की बड़ी चुनौती खड़ी होती है।स्पेशल स्क्रीनिंग के बाद दर्शकों ने फिल्म को प्रेरणादायक और विचारोत्तेजक बताया। उनका कहना था कि ‘गवर्नर’ केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि देश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करने का प्रयास भी है। फिल्म में 90 के दशक के माहौल, सामाजिक परिस्थितियों और आर्थिक चुनौतियों को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है।

फिल्म के निर्देशन को भी दर्शकों ने सराहा। उनका मानना था कि निर्देशक ने उस समय की परिस्थितियों को बेहद वास्तविक और संवेदनशील तरीके से पर्दे पर उतारा है। वहीं मनोज बाजपेयी ने अपने सशक्त अभिनय से एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके भावनात्मक और संयमित अभिनय को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया गया। अदा शर्मा की भूमिका को भी दर्शकों ने सराहा। दर्शकों के अनुसार फिल्म यह संदेश देती है कि देश निर्माण में कई ऐसे नायक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो सुर्खियों में भले न हों, लेकिन उनके निर्णय देश की दिशा और दशा तय करते हैं।

फिल्म ‘गवर्नर’ उन अनदेखे नायकों की कहानी है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में देशहित को सर्वोपरि रखा। शुक्रवार 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म से निर्माताओं और दर्शकों दोनों को काफी उम्मीदें हैं। प्रारंभिक प्रतिक्रिया को देखते हुए फिल्म को सकारात्मक समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है।