मद्य निषेध विभाग की कार्यवाई में 7 गिरफ्तार, 30 लीटर चुलाई शराब बरामद

  • Post By Admin on Jun 11 2026
मद्य निषेध विभाग की कार्यवाई  में 7 गिरफ्तार, 30 लीटर चुलाई शराब बरामद

लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए मद्य निषेध थाना की टीम द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। 10 जून 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अवैध शराब कारोबारियों एवं शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 30 लीटर चुलाई शराब जब्त की गई तथा एक मोटरसाइकिल और एक साइकिल भी बरामद की गई।

मद्य निषेध थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार किऊल थाना क्षेत्र के खगौर गांव में छापेमारी के दौरान एक अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि टीम ने वहां से 15 लीटर चुलाई शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त कर ली। वहीं कजरा थाना क्षेत्र के सोलर प्लांट के समीप की गई कार्रवाई में पीरी बाजार थाना क्षेत्र के चौधी बरियारपुर निवासी रौशन कुमार को 6 लीटर चुलाई शराब और एक साइकिल के साथ पकड़ा गया। इसी प्रकार अमहरा थाना क्षेत्र के दीधा गांव में महेंद्र केवट को 9 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। कवैया थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी रोड में संतोष चौधरी को 2 लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त बड़हिया उत्पाद थाना क्षेत्र के समीप शराब सेवन के आरोप में मृणुंजय कुमार, उत्पल झा तथा विक्रम कुमार के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।

मद्यनिषेध विभाग ने बताया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। विभाग ने लोगों से शराब के अवैध कारोबार और सेवन की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है, ताकि जिले में शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।