डॉ. अरविंद आनंद की पहल से बाल सुधार गृह में जगी नई उम्मीद, बच्चों ने नेक इंसान बनने की ली शपथ
- Post By Admin on Jun 12 2026
सिवान: कन्धावरा स्थित बाल सुधार गृह (संप्रेक्षण गृह) में शुक्रवार को वी केयर फाउंडेशन के तत्वावधान में ‘बाल सुधार सह सद्भावना विमर्श शिविर’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त समाजसेवी डॉ. अरविंद आनंद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाल सुधार गृह में रह रहे बच्चों के भीतर सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना था। शिविर में 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग का संदेश देने के लिए एक अनूठी पहल की गई। डॉ. अरविंद आनंद की प्रेरणा से बच्चों ने एक-दूसरे को बिस्कुट का पैकेट भेंट किया, गले मिलकर खुशियां साझा कीं और आपसी भाईचारे का परिचय दिया। इस भावनात्मक पहल ने बच्चों के बीच आत्मीयता और सौहार्द का वातावरण तैयार किया। बच्चों को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद आनंद ने कहा कि माता-पिता इस धरती पर भगवान के समान हैं और प्रत्येक बच्चे का कर्तव्य है कि वह उनका सम्मान करे तथा उनके बताए मार्ग पर चले। उन्होंने बच्चों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के सांस्कृतिक सत्र में मशहूर लोक गायक विकास भोजपुरिया ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया। उन्होंने मां की महिमा पर आधारित गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। इसके बाद देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े गीतों पर बच्चों ने जमकर उत्साह दिखाया और कार्यक्रम का आनंद लिया। शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए वी केयर फाउंडेशन की ओर से सभी बच्चों के बीच कॉपी और कलम का वितरण किया गया। बच्चों को शिक्षा के माध्यम से जीवन में सफलता हासिल करने और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिविर के समापन अवसर पर सभी बच्चों ने डॉ. अरविंद आनंद के नेतृत्व में जीवन में कभी गलत रास्ता नहीं अपनाने, एक जिम्मेदार और नेक इंसान बनने तथा देश और समाज के विकास में योगदान देने की सामूहिक शपथ ली।
इस अवसर पर जेजेबी की प्रधान सदस्य एवं सदस्य श्रीमती स्नेहलता पाण्डेय, जेल सुपरिटेंडेंट रवि कुमार, समाजसेवी सौम्या आनंद, रामू यादव, ज्ञानी कुमार सहित वी केयर फाउंडेशन के पदाधिकारी, बाल सुधार गृह के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने डॉ. अरविंद आनंद के इस मानवीय और प्रेरणादायक प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।