दहेज प्रथा के खिलाफ मोर्चा खोलेंगी अंजना सिंह, 23 अक्टूबर को आएगी ‘पतोहिया हंटर वाली’

  • Post By Admin on Oct 22 2026
दहेज प्रथा के खिलाफ मोर्चा खोलेंगी अंजना सिंह, 23 अक्टूबर को आएगी ‘पतोहिया हंटर वाली’

मुंबई : भोजपुरी अभिनेत्री अंजना सिंह की फिल्म ‘पतोहिया हंटर वाली’ का डिजिटल प्रीमियर 23 अक्टूबर को एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर होगा। निशांत उज्ज्वल कृत और रेणु विजय फिल्मस एंटरटेनमेंट प्रस्तुत इस फिल्म में पारिवारिक रिश्तों के साथ दहेज जैसी सामाजिक कुरीति को प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म में अंजना सिंह एक ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जो अन्याय और दहेज की अनुचित मांगों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती है।

फिल्म के डिजिटल प्रीमियर को लेकर अभिनेत्री अंजना सिंह ने दर्शकों से इसे देखने और अपनी प्रतिक्रिया साझा करने की अपील की है। उनका कहना है कि फिल्म का उद्देश्य मनोरंजन के साथ समाज में दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं को अपने सम्मान के लिए खड़े होने का संदेश देना है। उन्होंने दर्शकों से परिवार और दोस्तों के साथ फिल्म देखने तथा इसे अपना प्यार और समर्थन देने का आग्रह किया है।

‘पतोहिया हंटर वाली’ की कहानी शादी के बाद दहेज को लेकर पैदा होने वाले विवाद और ससुराल में बहू के सामने आने वाली चुनौतियों पर आधारित है। फिल्म में महिला के आत्मसम्मान, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक अन्याय के विरुद्ध संघर्ष को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है। इसकी कहानी के जरिए दहेज जैसी कुप्रथा पर सवाल उठाने के साथ महिलाओं के अधिकारों और सम्मान का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

फिल्म के निर्माता निशांत उज्ज्वल ने कहा कि यह फिल्म मनोरंजन के साथ एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी लेकर आ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भोजपुरी दर्शक फिल्म को पसंद करेंगे और इसे भरपूर प्यार देंगे। उन्होंने दर्शकों से 23 अक्टूबर को एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर होने वाले डिजिटल प्रीमियर को देखने और अपनी प्रतिक्रिया देने की अपील की। फिल्म का निर्माण डॉ. संदीप उज्ज्वल और सुशांत उज्ज्वल ने किया है, जबकि निर्देशन रवि सिन्हा ने संभाला है। कहानी और पटकथा नन्हे पांडे ने लिखी है। फिल्म का संगीत साजन मिश्रा और भरत चौहान ने तैयार किया है। इसके गीत शेखर मधुर, निशांत उज्ज्वल और मनीष कुमार ने लिखे हैं।

तकनीकी टीम में छायांकन की जिम्मेदारी मनोज सिंह, संकलन का काम दिनेश कुमार, नृत्य निर्देशन प्रवीण शेलार, मारधाड़ निर्देशन हीरा यादव और कला निर्देशन शेरा ने संभाला है। डिजिटल माध्यम पर प्रीमियर के जरिए फिल्म उन दर्शकों तक भी पहुंचेगी, जो मोबाइल और अन्य उपकरणों पर भोजपुरी सिनेमा देखना पसंद करते हैं। अब दर्शकों की नजर 23 अक्टूबर को होने वाले प्रीमियर पर है, जहां अंजना सिंह की इस फिल्म के जरिए दहेज प्रथा के खिलाफ उठाई गई आवाज देखने को मिलेगी।