कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस-पिकअप की टक्कर में 10 की मौत, 25 घायल
- Post By Admin on Apr 11 2026
कटिहार : बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर कोढ़ा थाना क्षेत्र के बसगाड़ा चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार बस और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में सवार लोग आदिवासी समुदाय से संबंधित थे और किसी मेला अथवा धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर पूर्णिया जिले स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था और अत्यधिक तेज गति के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरातफरी और गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।