युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, लखीसराय में 10 अप्रैल को रोजगार सह मार्गदर्शन शिविर

  • Post By Admin on Apr 07 2026
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, लखीसराय में 10 अप्रैल को रोजगार सह मार्गदर्शन शिविर

लखीसराय : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय लखीसराय द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 अप्रैल 2026 को रोजगार सह मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला नियोजनालय परिसर में पूर्वाह्न 11:00 बजे से आयोजित होगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने बताया कि शिविर में निजी क्षेत्र की कंपनी एचआरवीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ऑपरेटर पद के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के माध्यम से नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

कंपनी द्वारा ऑपरेटर पद के लिए कुल 30 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि शैक्षणिक योग्यता दसवीं, बारहवीं या आईटीआई उत्तीर्ण होना आवश्यक है। चयनित अभ्यर्थियों को 17956 रुपए से 24216 रुपए तक का मासिक वेतन मिलेगा, साथ ही भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा सहित अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। यह नौकरी राजस्थान के भिवाड़ी में स्थित कंपनी में दी जाएगी तथा इन पदों के लिए पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

जिला नियोजनालय ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार शिविर में भाग लेने की अपील की है, ताकि उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करना है।