उच्च शिक्षा विभाग का यू-टर्न, 211 कॉलेजों में प्रतिनियुक्ति के लिए जारी निर्देश रद्द
- Post By Admin on Jun 26 2026
पटना : बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में प्रतिनियुक्ति से संबंधित पूर्व में जारी आदेश को निरस्त कर दिया है। इस संबंध में विभाग के निदेशक प्रो. (डॉ.) एस.के. अग्रवाल द्वारा सभी जिलाधिकारियों को नया पत्र जारी किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार, 23 जून 2026 को जारी विभागीय पत्रांक-115/सं.को. के तहत 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में यूजीसी के मानकों के अनुरूप नेट, जेआरएफ एवं पीएचडी अर्हता प्राप्त सरकारी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति के लिए विवरणी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। अब उस आदेश को अपरिहार्य कारणों से तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित पत्र सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति के बाद रद्द किया गया है। इसकी सूचना राज्यपाल-सह-कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव, संबंधित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों तथा उच्च शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है। उच्च शिक्षा विभाग के इस निर्णय के बाद 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित मानी जा रही है। विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई के संबंध में नए निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।