भारत स्वाभिमान न्यास की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, दो पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी

  • Post By Admin on Jun 26 2026
भारत स्वाभिमान न्यास की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, दो पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी

लखीसराय : भारत स्वाभिमान न्यास, लखीसराय की समीक्षात्मक बैठक शुक्रवार को पुरानी बाजार स्थित होटल भारती के सभागार में जिला प्रभारी नाथ अमिताभ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन की समीक्षा के साथ संगठन विस्तार और विभिन्न पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया।

बैठक की शुरुआत मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिसमें पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला प्रभारी नाथ अमिताभ के नेतृत्व एवं लायंस क्लब लखीसराय के सहयोग से आयोजित मुख्य समारोह की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा, जिला संरक्षक डॉ. अमित, राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार भारती तथा जिला संगठन मंत्री प्रो. मनोरंजन के योगदान की सराहना की गई।

बैठक में योग दिवस को सफल बनाने में जिला किसान प्रभारी आनंदी मंडल, युवा प्रभारी विभीषण केवट, जिला कार्यसमिति सदस्य मनीष कुमार, रंजीत कुमार, विनोद कुमार, उमेश कुमार, रामानुज सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं योग साधकों की सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की गई। समीक्षा के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रमों की भी चर्चा हुई। नया बाजार स्थित संत निरंकारी मिडिल स्कूल परिसर में मनीष कुमार के नेतृत्व में आयोजित योग महोत्सव सहित न्यायालय परिसर, शर्मा गांव, पैरामेडिकल कॉलेज, बड़हिया के फदरपुर, पावर ग्रिड और पेंशनर समाज में आयोजित योग कार्यक्रमों को सफल आयोजन बताया गया।

राज्य प्रभारी दक्षिण बिहार सुनील स्वाभिमानी के निर्देश पर जिला कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से मनीष कुमार को जिला सोशल मीडिया प्रभारी तथा हरिदर्श सिंह उर्फ चुन्नू भाई को जिला संवाद प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। उपस्थित सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। जिला प्रभारी नाथ अमिताभ ने कहा कि भारत स्वाभिमान के माध्यम से योग के प्रचार-प्रसार को जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता होगी। वहीं राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार भारती ने योग शिक्षक तैयार करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और व्यापक बनाने पर बल दिया। बैठक में महिला पतंजलि संगठन को जिला स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से संभावित नामों का प्रस्ताव राज्य महिला पतंजलि इकाई को भेजने का भी निर्णय लिया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं शांति पाठ के साथ बैठक का समापन हुआ।