रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में हिंदी दिवस पर हिंदी है हम कार्यक्रम का भव्य आयोजन

  • Post By Admin on Sep 14 2024
रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में हिंदी दिवस पर हिंदी है हम कार्यक्रम का भव्य आयोजन

मुजफ्फरपुर : रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय में हिंदी दिवस के अवसर पर "हिंदी है हम" विषय पर हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर लंगट सिंह महाविद्यालय के हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. राजेश्वर कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में "हिंदी की वर्तमान स्थिति और संभावनाएं" पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "हिंदी स्वाधीनता आंदोलन की अनुगूँज और अभिव्यक्ति की भाषा है। यह भारत की एकता, अखंडता, और जन-जन की आत्मा की भाषा है। हमें इसे पुनः स्थापित करने और भाषा की जद्दोजहद से मुक्त करने की आवश्यकता है।"

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने कहा, "हिंदी केवल भारत के माथे की बिंदी नहीं, बल्कि इसके संपूर्ण श्रृंगार की भाषा है। यह हमारी गर्भनाल की भाषा है और जन-जन के हुंकार की भाषा है। यह भारतीय संस्कृति और संस्कार की आत्मा है।"

हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमा ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद भी हिंदी अपने अधूरे सपनों और संकल्पों के साथ प्रश्नचिह्न बनी हुई है। हिंदी को न केवल राष्ट्रभाषा बल्कि राजभाषा के रूप में भी स्वतंत्र पहचान दिलाने की जरूरत है। उन्होंने हिंदी की वर्तमान वैश्विक स्थिति और अनगिनत संभावनाओं की ओर इशारा किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ जिसमें प्राचार्य और मुख्य वक्ता को पौधा देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. प्रियंका ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अनुपम ने दिया।

इस अवसर पर संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. रामेश्वर राय, डॉ. चेतना वर्मा, डॉ. अंजली चंद्रा, डॉ. अफरोज, डॉ. अशोक निगम, डॉ. पूजा शेखर, और अन्य शिक्षकों सहित लगभग 300 छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।