फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र पर बीएसयूएससी की कार्रवाई, चयन और नियुक्ति अनुशंसा रद्द

  • Post By Admin on Jun 25 2026
फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र पर बीएसयूएससी की कार्रवाई, चयन और नियुक्ति अनुशंसा रद्द

पटना : बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (बीएसयूएससी) ने भूगोल विषय में सहायक प्राध्यापक पद के लिए चयनित एक अभ्यर्थी का चयन रद्द कर दिया है। आयोग ने पटना विश्वविद्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई करते हुए संबंधित विश्वविद्यालय को अभ्यर्थी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश भी दिया है।

आयोग द्वारा जारी आवश्यक सूचना के अनुसार, भूगोल विषय के सहायक प्राध्यापक पद के लिए विज्ञापन संख्या AP-GEOG-12/20-21 के तहत चयनित अभ्यर्थी विवेक कुमार (UID No.- VIV10011991GEO0032161) का नाम अनारक्षित (यूआर) श्रेणी की चयन सूची में प्रथम स्थान पर था। पटना विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा आयोग को भेजे गए प्रतिवेदन में बताया गया कि विवेक कुमार का शिक्षण अनुभव प्रमाणपत्र जांच के दौरान फर्जी पाया गया। इसके आधार पर विश्वविद्यालय ने उनकी नियुक्ति और पदस्थापन को नियुक्ति पत्र निर्गत होने की तिथि 29 अगस्त 2025 से निरस्त करते हुए उनकी सेवा समाप्त कर दी।

पटना विश्वविद्यालय की रिपोर्ट पर विचार करने के बाद बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग ने भी अभ्यर्थी का चयन रद्द करते हुए उनकी नियुक्ति की अनुशंसा वापस लेने का निर्णय लिया है। आयोग ने संबंधित विश्वविद्यालय को मामले में विधिसम्मत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने का भी निर्देश दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में 27 और 28 अक्टूबर 2024 को प्रकाशित चयन एवं विश्वविद्यालय आवंटन सूची में अनारक्षित श्रेणी के अंतर्गत विवेक कुमार के चयन और नियुक्ति की अनुशंसा को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। इस निर्णय को उच्च शिक्षा क्षेत्र में नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता और प्रमाणपत्रों की सत्यता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।