महिला सशक्तिकरण केंद्र की पहल, महिलाओं को मिली अधिकार और योजनाओं की जानकारी

  • Post By Admin on Jun 25 2026
महिला सशक्तिकरण केंद्र की पहल, महिलाओं को मिली अधिकार और योजनाओं की जानकारी

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से पिपरिया प्रखंड के सैदपुरा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-23 (रविदास टोला) में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड सदस्य श्रीमती मौसम देवी ने की।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महिला एवं बाल विकास निगम की पहल के तहत साप्ताहिक सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को जागरूक किया जाता है तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाता है। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 181, महिला सशक्तिकरण केंद्र, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने महिलाओं को बचत की महत्ता बताते हुए कहा कि छोटी-छोटी बचत भविष्य में आर्थिक सुरक्षा का आधार बन सकती है। उन्होंने आरसेटी के माध्यम से संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी। साथ ही साइबर ठगी से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला। लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज से इस कुप्रथा को समाप्त करने की अपील की। उन्होंने बाल विवाह रोकने में महिलाओं और समुदाय की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम और नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। वार्ड सदस्य श्रीमती मौसम देवी ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका बॉबी कुमारी, उषा देवी, शांति देवी, उर्मिला देवी सहित दर्जनों ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।