BRABU ने किया नए मीडिया सेल का गठन, सोशल मीडिया और वेबसाइट की निगरानी संभालेंगे पांच सदस्य

  • Post By Admin on Oct 04 2026
BRABU ने किया नए मीडिया सेल का गठन, सोशल मीडिया और वेबसाइट की निगरानी संभालेंगे पांच सदस्य

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU), मुजफ्फरपुर ने विश्वविद्यालय से जुड़ी सूचनाओं के प्रसार और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के बेहतर प्रबंधन के लिए एक नई मीडिया सेल का गठन किया है। कुलपति के निर्देशानुसार 3 अक्टूबर 2026 को कुलसचिव द्वारा इस संबंध में आधिकारिक कार्यालय आदेश (पत्रांक B/3676) जारी किया गया। यह नई व्यवस्था पीआरओ टीम से संबंधित पूर्व के आदेशों और 2024 में जारी विभिन्न निर्देशों को समाहित करते हुए तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

गठित की गई मीडिया सेल विश्वविद्यालय की वेबसाइट, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित 'एक्स' (ट्विटर) और फेसबुक जैसे सभी सोशल मीडिया हैंडल्स की देखरेख और संचालन का जिम्मा संभालेगी। इस पांच सदस्यीय टीम में बीआरएबीयू के प्रॉक्टर को संयोजक (Convenor) और आईक्यूएसी (IQAC) के निदेशक को समन्वयक (Coordinator) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उप कुलसचिव-द्वितीय, विश्वविद्यालय हिंदी विभाग के डॉ. राकेश रंजन और एल.एस. कॉलेज मुजफ्फरपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के डॉ. नवीन कुमार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। सभी सदस्यों के संपर्क नंबर भी आधिकारिक अधिसूचना में जारी किए गए हैं ताकि समन्वय सुगम बना रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस आदेश की प्रतिलिपि राजभवन सचिवालय, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव एवं निदेशक, सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों और अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों को आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी है।