Apex योजना से संवरेंगे सूर्यगढ़ा के जनजातीय गांव, ग्रामीणों ने रखी PHC और स्कूल भवन की मांग

  • Post By Admin on Oct 04 2026
Apex योजना से संवरेंगे सूर्यगढ़ा के जनजातीय गांव, ग्रामीणों ने रखी PHC और स्कूल भवन की मांग

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सूर्यगढ़ा प्रखंड के राजघाट कोल स्थित विभिन्न जनजातीय क्षेत्रों का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान काशी टोला कोरासी, घोघर घाटी कोरासी, कनिमोह कोरासी और शीतला कोरासी टोला का निरीक्षण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण एवं वन विभाग की ओर से जनजातीय किसानों के बीच कटहल, आंवला, शरीफा, अमरूद और केला सहित कुल 600 फलदार पौधों का वितरण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि केंद्र सरकार की उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र विकास हेतु विशेष केंद्रीय सहायता योजना (Apex Command Unity) के अंतर्गत पीसीसी ढलाई और बीएसएनएल टावर निर्माण का कार्य प्रगति पर है। पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीप बोरिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जिसके बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को घर-घर तक पाइपलाइन के जरिए जलापूर्ति शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में सोलर लाइट और विद्युत तारों की स्थिति की भी जांच की गई तथा ग्रामीणों की मांग पर दो स्थानों पर चबूतरा निर्माण के लिए आदेश जारी किए गए।

ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की सुविधा, विद्यालय के लिए अलग भवन निर्माण और सड़क संपर्क जैसी प्रमुख मांगें सामने आईं, जिन पर डीएम ने नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया। लगभग 100 से 150 परिवारों की आबादी वाले इन टोलों में बच्चों की शिक्षा के लिए संचालित अस्थायी विद्यालय में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने पर बल दिया गया। साथ ही ग्रामीणों को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ समाज में जागरूकता लाने और इसे पूरी तरह रोकने की शपथ दिलाई गई। जीविका दीदियों और स्वयं सहायता समूहों से मिलकर उनकी आजीविका गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

राजघाट को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए वन विभाग को जल्द से जल्द सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जनजातीय समुदाय के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बीएसएनएल टावर और डीप बोरिंग जैसी पुरानी मांगों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार की पहल के लिए आभार भी जताया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, पीएचईडी कार्यपालक अभियंता रूपेश कुमार और सहायक निदेशक उद्यान राजीव रंजन समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।