बोचहां में शिक्षकों की सर्वदलीय बैठक सम्पन्न, पारदर्शिता और गुणवत्ता पर लिया गया अहम निर्णय

  • Post By Admin on Mar 23 2026
बोचहां में शिक्षकों की सर्वदलीय बैठक सम्पन्न, पारदर्शिता और गुणवत्ता पर लिया गया अहम निर्णय

मुजफ्फरपुर: बोचहां प्रखंड में विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय साझा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और शिक्षकों की जवाबदेही बढ़ाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकमत होकर प्रस्ताव पारित किए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मार्च 2026 की अनुपस्थिति विवरणी के साथ किसी भी शिक्षक, चाहे वे नियमित हों, विशिष्ट हों, विद्यालय अध्यापक या प्रधानाध्यापक, से वित्तीय वर्ष 2026-27 के वेतन भुगतान या अन्य किसी मद के नाम पर कोई राशि नहीं ली जाएगी। यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, तो निर्धारित संपर्क नंबरों पर जानकारी देने की अपील की गई है। इसके साथ ही प्रखंड के उन विद्यालय प्रधानों को बीआरसी से यूजर आईडी और पासवर्ड प्राप्त करने का निर्देश दिया गया, जिन्हें इसकी आवश्यकता है। बैठक में यह भी तय हुआ कि 12 वर्षों की सेवा पूरी कर चुके प्रोन्नति के पात्र नियोजित शिक्षक अपने अभिलेख, विशेषकर सेवा पुस्तिका, अद्यतन कर बीआरसी में जमा करें।

बैठक में यह भी सहमति बनी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 से संबंधित वेतन विपत्र, आयकर, संपत्ति विवरण आदि कार्यों के लिए दी जाने वाली सहयोग राशि अप्रैल माह की अनुपस्थिति विवरणी के साथ ही ली जाएगी, जिसकी जानकारी पूर्व में साझा की जाएगी। शिक्षकों से अपील की गई कि विद्यालयों में उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्रधानाचार्य या उचित माध्यम से ही संपर्क करें और अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भटकें। नए शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों के बेहतर संचालन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, साफ-सफाई और विभागीय कार्यों में सहयोग पर विशेष बल देने का निर्णय लिया गया, ताकि बोचहां प्रखंड जिले और राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके। बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ गोप गुट के सचिव पवन कुमार और अध्यक्ष श्यामनंदन सिंह, बोचहां इकाई के सचिव प्रवीण कुमार, अध्यक्ष शशि सिद्धेश्वर कुमार उर्फ गुलाब यादव, परिवर्तनकारी शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्रीनारायण सहनी, सचिव अरविंद कुमार सहित कई शिक्षक नेताओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

बैठक में मिन्टु कुमार, अमित अचल, मनोज कुमार, संजीत राम, चंदन कुमार, धनंजय कुमार, राणा प्रताप, संजय कुमार, उपेंद्र राम, शिवशंकर सहनी सहित अनेक शिक्षक और जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। बैठक को शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।