मुजफ्फरपुर : जिले के पताही हवाई अड्डे के पुनर्विकास और निर्माण की दिशा में बड़ी पहल हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली के राजापाकर से मुजफ्फरपुर की सात योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें पताही एयरपोर्ट के विकास की 58.87 करोड़ रुपये की परियोजना भी शामिल है।
परियोजना के तहत रनवे, हैंगर, एप्रन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और फायर बिल्डिंग सहित जरूरी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। रनवे की लंबाई बढ़ाकर 1,050 मीटर की गई है। निर्माण कार्य अगले वर्ष 31 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस परियोजना से मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों के लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ी है। रिपोर्ट में वर्ष 2028 से नियमित उड़ान शुरू होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, उड़ान संचालन का अंतिम निर्णय भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के बाद करेगा।
•खबर की तस्वीर सांकेतिक है
















