समस्तीपुर : जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा गांव में देर रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान उक्त थाना क्षेत्र के वार्ड 6 निवासी जितेंद्र कुमार महतो के रूप में हुई है।

रविवार रात करीब 11 बजे जितेंद्र कुमार अपने घर के दरवाजे पर अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार छह बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जितेंद्र के शरीर में तीन गोलियां लगीं। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी दलसिंहसराय की ओर फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में हत्या का कारण पुरानी जमीनी विवाद बताया जा रहा है।

मृतक पूर्व में जा चुका है जेल

पुलिस ने बताया कि मृतक जितेंद्र कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। वह उजियारपुर की पूर्व सांसद अश्वमेघ देवी के भाई की हत्या के मामले में जेल जा चुका था और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

स्थानीय लोगों का आक्रोश

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दलसिंहसराय-विद्यापतिनगर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और जाम समाप्त करने का प्रयास किया।

परिवार ने लगाए आरोप

मृतक के परिजनों ने कुछ स्थानीय लोगों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने उनकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस मामले में डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि हत्या के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आई है। परिवार द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर संदिग्धों की तलाश जारी है। वहीं इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अपराधियों के बेखौफ होने पर चिंता जता रहे हैं। प्रशासन से अपराधियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की जा रही है।