राज्यव्यापी आंदोलन के तहत कल्याणपुर प्रखंड कार्यालय पर राजद का धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

  • Post By Admin on Jun 09 2026
राज्यव्यापी आंदोलन के तहत कल्याणपुर प्रखंड कार्यालय पर राजद का धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

समस्तीपुर: जिले के कल्याणपुर प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आह्वान पर एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत आयोजित इस धरना में राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की। धरना का मुख्य मुद्दा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, ध्वस्त कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार रहा।

धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रामबाबू राय ने की, जबकि संचालन प्रखंड कोषाध्यक्ष रामनाथ राय ने किया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राम विनोद पासवान एवं जय शंकर राय प्रभारी के रूप में उपस्थित रहे। धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि बिहार में प्रतिदिन हत्या, लूट और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम आम लोगों की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रही है।

राजद नेताओं ने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है, लेकिन रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। शिक्षा व्यवस्था भी बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है, जिससे छात्रों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। धरना कार्यक्रम के बाद राजद नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन बीडीओ देवेंद्र कुमार को सौंपा। इसके बाद कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।

धरना कार्यक्रम में उपेंद्र राय, बेचन कुमार, राजकुमार साफी, नवीन राम, विजय राम, विनोद बैठा, उमाशंकर कुमार, कमलेश प्रसाद राय, दिनेश कुमार, सुखलाल यादव, चंदन कुमार, अरुण राय, दीपक राय, दिलीप यादव, राकेश कुमार माया, बिरजू राय, अरविंद राय, आदित्य नाथ झा, सुशील कुमार यादव, अरविंद बैठा, संजय राय, मनोज कुमार राय, अजीत पासवान, संजय पाल, अशरफी यादव, अजीत सहनी सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे।