विश्व स्वास्थ्य दिवस पर पूसा में स्वास्थ्य संवाद, डॉ. राज कुमार सम्मानित
- Post By Admin on Apr 07 2026
समस्तीपुर : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के तत्वावधान में पूसा में स्वास्थ्य संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राज कुमार ने की, जिसमें स्वास्थ्य के महत्व और जागरूकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर डॉ. राज कुमार को उनके स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन का आधार है। जब शरीर स्वस्थ और मन शांत होता है, तभी जीवन वास्तव में समृद्ध और सुखद बनता है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस हमें यह याद दिलाता है कि अपनी सेहत का ध्यान रखना सबसे बड़ा निवेश है और स्वास्थ्य ही जीवन का सबसे बड़ा धन है।
सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सरकार ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर, नियमित व्यायाम और संतुलित आहार के माध्यम से ही व्यक्ति अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख सकता है। उन्होंने कहा कि हमारा शरीर ही हमारा सबसे पहला और असली घर है और यदि हम स्वस्थ हैं तो ही अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
चाइल्डसेफ इंडिया के सचिव जयचंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण के कारण स्वस्थ रहना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि पोषक और संतुलित आहार, पर्याप्त नींद तथा भरपूर पानी का सेवन कर हम अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकते हैं।