फर्जी नर्सिंग होम की लापरवाही से महिला और नवजात की मौत, मानवधिकार संगठन ने की कार्यवाही की मांग
- Post By Admin on Feb 05 2026
समस्तीपुर : जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में संचालित विनोद नर्सिंग होम में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां ऑपरेशन के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और नर्सिंग होम की वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद नर्सिंग होम का कोई वैध पंजीकरण नहीं था और न ही वहां किसी मान्यता प्राप्त डॉक्टर या चिकित्सकीय डिग्रीधारी की मौजूदगी पाई गई। इसके बावजूद महिला का ऑपरेशन किया गया, जिसमें लापरवाही के चलते मां और नवजात दोनों की जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन सक्रिय हो गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत कुमार के आह्वान पर महिला जिला अध्यक्ष ज्योति सिंह, जिला मंत्री सुमन कुमारी, जिला सचिव रोशन कुमार, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष प्रमोद कुमार ईश्वर, युवा जिला अध्यक्ष विपीन कुमार पासवान, जिला युवा प्रभारी नीतीश कुमार राय, प्रखंड अध्यक्ष शम्भू साह और युवा प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार साह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
संगठन ने इस घटना को अमानवीय और स्वास्थ्य व्यवस्था पर कलंक बताते हुए दोषियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि समस्तीपुर जिले में कई अवैध अस्पताल और नर्सिंग होम स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से संचालित हो रहे हैं। विशेष रूप से सिविल सर्जन समस्तीपुर और सरायरंजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं।
अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि विनोद नर्सिंग होम को तत्काल सील किया जाए, संचालक और संबंधित दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, मृत महिला और नवजात के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा जिले में संचालित सभी अवैध अस्पतालों की उच्चस्तरीय जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह आंदोलनात्मक और कानूनी लड़ाई जारी रखेगा।