लूलू मॉल के शोरूम में चोरी करती धराई महिलाएं
- Post By Admin on Sep 16 2024
उत्तर प्रदेश : लूलू मॉल, जो कि लखनऊ का एक प्रमुख शॉपिंग स्थल है, यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। उसी लूलू मॉल में स्थित कल्याण ज्वेलर्स शोरूम में तीन महिलाओं ने सोने की चूड़ियों की चोरी कर ली। चोरी की यह घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई I जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपित महिलाओं की तलाश में जुटी है। घटना बुधवार शाम की है I जब तीन महिलाएं शोरूम में आईं और खरीदारी के बहाने कर्मचारियों को उलझाए रखा।
पुलिस ने बताया कि कल्याण ज्वेलर्स स्टोर के मैनेजर पवन कुमार जायसवाल की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, तीनों महिलाएं शोरूम में चूड़ियां देखने आई थीं और उन्होंने कई चूड़ियां दिखाने के बाद भी कुछ अलग दिखाने की मांग की। इस दौरान, एक महिला ने चालाकी से दूसरी महिला को चुपके से दो सोने की चूड़ियां थमा दी, जिसने तुरंत उन्हें अपने बैग में छिपा लिया।
घटना के तुरंत बाद तीनों महिलाएं बिना कुछ खरीदे शोरूम से चली गईं। जब शोरूम बंद करने से पहले स्टॉक की जांच की गई, तो 43.76 ग्राम की दो सोने की चूड़ियां गायब मिलीं। इसके बाद शोरूम के कर्मचारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें तीनों महिलाएं चोरी करते हुए साफ नजर आ रही थीं।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी, अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।