लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की कार्यवाई, 153 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त
- Post By Admin on Mar 23 2026
लखीसराय : जिले में अवैध शराब के खिलाफ मद्य निषेध थाना की टीम ने रविवार को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाकर चार लोगों को गिरफ्तार किया तथा बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान कुल 153 लीटर से अधिक अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।
मद्य निषेध थाना द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के मानो इंग्लिश वार्ड संख्या-09 निवासी निलेश कुमार, पिता–नागेंद्र कुमार और सुमित कुमार, पिता–अनिल राम के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों पर अवैध विदेशी शराब बेचने का आरोप है। छापेमारी के दौरान इनके पास से 135 लीटर अवैध विदेशी शराब और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। हालांकि सुमित कुमार मौके से फरार बताया गया है।
इसके अलावा किऊल रेलवे स्टेशन क्षेत्र में की गई कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी संजय कुमार, पिता–खुन्नाथ यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 13.320 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
वहीं एक अन्य कार्रवाई में बेगूसराय जिले के मंझौल थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचमहला टोला वार्ड-09 निवासी कंचन सहनी, पति–कृष्णदेव सहनी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 5.040 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
मद्य निषेध विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।