बिहार दिवस पर निकली शहीद पदयात्रा, युवाओं को राष्ट्र निर्माण का संदेश
- Post By Admin on Mar 23 2026
लखीसराय : बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के दूसरे दिन सोमवार को बड़हिया नगर परिषद क्षेत्र में जिला प्रशासन के तत्वावधान में भव्य “हेरिटेज वॉक सह शहीद पदयात्रा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना तथा युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरित करना था।
हेरिटेज वॉक की शुरुआत पीएम श्री उच्च विद्यालय, बड़हिया परिसर से हुई। यह पदयात्रा श्रीकृष्ण चौक, गणेश मंदिर, जगदंबा मंदिर, नागवती स्थान और लोहिया चौक होते हुए पुनः उच्च विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी प्राप्त करते हुए देशभक्ति के नारों के साथ पदयात्रा में भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम और डीपीओ (समग्र शिक्षा) नीलम राज की देखरेख में किया गया। हेरिटेज वॉक में उच्च विद्यालय बड़हिया, दिल्ली पब्लिक स्कूल बड़हिया और यूनिवर्स लाइब्रेरी के छात्र-छात्राओं के साथ नगर क्षेत्र के शिक्षकगण तथा जिले के आपदा मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक गौरव को संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के जीवन से प्रेरणा लेकर देश सेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है और सही दिशा में किया गया प्रयास समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
कार्यक्रम के दौरान लोहिया चौक स्थित महान समाजवादी नेता डॉ. राममनोहर लोहिया की आदमकद प्रतिमा पर जिलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम तथा नगर परिषद बड़हिया के सभापति प्रतिनिधि सुजीत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह हेरिटेज वॉक ऐतिहासिक स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण साबित हुई।