जनगणना 2027 की तैयारी तेज, लखीसराय में मकान सूचीकरण को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण

  • Post By Admin on Mar 23 2026
जनगणना 2027 की तैयारी तेज, लखीसराय में मकान सूचीकरण को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण

लखीसराय : भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, परगणक, पर्यवेक्षक तथा अनुशासकीय सेवकों ने भाग लिया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य की महत्ता और इसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी, जिससे कार्य की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। उन्होंने परगणकों और पर्यवेक्षकों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उनके कर्तव्यों और दायित्वों पर विशेष जोर दिया।

प्रशिक्षण सत्र में मकान सूचीकरण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, फील्ड कार्य की प्रक्रिया और डेटा संग्रहण की विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पर्यवेक्षकों को उनके अधिकारों और विधिक प्रावधानों से भी अवगत कराया गया, ताकि वे कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान कर सकें।

अधिकारियों ने बताया कि मकान सूचीकरण के दौरान यदि किसी परिवार के एक से अधिक निवास स्थान हों, तो उनकी गणना उस स्थान पर की जाएगी जहां वे वर्ष के अधिकांश समय निवास करते हैं। इसके साथ ही भवनों की संख्या निर्धारण और नगरीय नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार मौजूद रहे। वहीं मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार और विशिष्ट शिक्षक कुमार गौरव ने प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी राधेश्याम कुमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने का आह्वान किया गया।