50 लाख की डील में नीट पास कराने का खेल, पुलिस ने किया भंडाफोड़

  • Post By Admin on May 06 2026
50 लाख की डील में नीट पास कराने का खेल, पुलिस ने किया भंडाफोड़

मुजफ्फरपुर : नीट परीक्षा में धांधली को लेकर एक बड़े सॉल्वर गैंग का खुलासा हुआ है। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक डॉक्टर का बेटा भी शामिल है। पुलिस अभी भी फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, नालंदा पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के तीन युवकों समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी जगह परीक्षा में सॉल्वर बैठाने की योजना बनाई गई थी। इन सभी की गिरफ्तारी औरंगाबाद, जमुई और मुजफ्फरपुर से की गई है। इससे पहले पावापुरी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान दो लग्जरी गाड़ियों से तीन सरगनाओं को पकड़ा गया था। इनसे पूछताछ और मोबाइल जांच के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद राज्य के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर अन्य आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि परीक्षा पास कराने के लिए आरोपियों ने पहले ही डेढ़ से दो लाख रुपए अग्रिम के तौर पर दिए थे, जबकि पूरी सौदेबाजी 50 से 60 लाख रुपए में तय हुई थी। योजना के तहत परीक्षा में उनकी जगह सॉल्वर बैठाए जाने थे, लेकिन वाहन जांच के दौरान सरगनाओं की गिरफ्तारी से पूरा प्लान विफल हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सीतामढ़ी निवासी हर्षराज के साथ मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के मनोज कुमार, बोचहां के गौरव कुमार और हथौड़ी क्षेत्र के सुभाष कुमार शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस मामले में पावापुरी थाने में तैनात जमादार मो. रहमान खान के बयान पर पुलिस ने कई अन्य लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी निवासी एमबीबीएस छात्र अवधेश कुमार, मोतिहारी के अमन कुमार सिंह, कथैया क्षेत्र के पंकज साह, उज्जवल उर्फ राजा बाबू और राजा कुमार शामिल हैं। इनमें से कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उज्जवल और राजा अभी भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।