तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन तय, विजय 7 मई को ले सकते हैं शपथ

  • Post By Admin on May 06 2026
तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन तय, विजय 7 मई को ले सकते हैं शपथ

चेन्नई : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले अभिनेता से नेता बने Thalapathy Vijay 7 मई को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।सूत्रों के अनुसार, उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam का शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा सकता है। यह वही स्थान है, जहां विजय अपने फिल्मी कार्यक्रमों का आयोजन करते रहे हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक शपथ ग्रहण को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि विजय बुधवार को राज्यपाल R. N. Ravi से मुलाकात करेंगे। इससे पहले पार्टी ने राज्यपाल को पत्र भेजकर सरकार गठन के लिए दो सप्ताह का समय मांगा था। इससे पहले मंगलवार को विजय ने चेन्नई स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर, ई.वी. रामासामी पेरियार और के. कामराज जैसे महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की।

इस बीच, वर्तमान मुख्यमंत्री M. K. Stalin ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण तक वे कार्यवाहक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है। कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई और सीपीआई (मार्क्सवादी) के कुल 11 विधायक हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय को आईयूएमएल, डीएमडीके और पीएमके का भी समर्थन मिल सकता है, जिससे सरकार गठन का रास्ता साफ हो सकता है। पार्टी गठबंधन को लेकर अन्य दलों के साथ बातचीत जारी है। यदि कांग्रेस के साथ गठबंधन होता है, तो उसे मंत्रिमंडल में दो पद मिल सकते हैं।