हलसी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, महिला सब्जी विक्रेता हत्या कांड का आरोपी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Mar 22 2026
हलसी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, महिला सब्जी विक्रेता हत्या कांड का आरोपी गिरफ्तार

लखीसराय : हलसी थाना क्षेत्र के केंदी गांव में महिला सब्जी विक्रेता की बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ट्रेन से गुजरात भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे गया रेलवे स्टेशन से धर दबोचा।

लखीसराय पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 मार्च 2026 को हलसी थाना क्षेत्र के ग्राम केंदी में एक महिला सब्जी विक्रेता की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हलसी थाना कांड संख्या 66/26 दर्ज किया गया था, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1) बीएनएस तथा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तथा घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। मामले के त्वरित उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर हलसी थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 मार्च 2026 को गया रेलवे स्टेशन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोरेखलाल राम उर्फ गोरे कुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामबालक राम, निवासी ग्राम केंदी, थाना हलसी, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। बताया गया कि वह ट्रेन से गुजरात भागने की फिराक में था।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना के समय पहना गया शर्ट भी बरामद किया है, जिस पर खून के धब्बे लगे हुए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है।

छापेमारी दल में हलसी थाना अध्यक्ष राजेश कुमार रंजन, पु.अ.नि. रंजीत रंजन तथा हलसी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।