मोकामा में फिर वर्चस्व की जंग, अनंत सिंह के बाद अब सोनू-मोनू के मुंशी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग

  • Post By Admin on Jan 24 2025
मोकामा में फिर वर्चस्व की जंग, अनंत सिंह के बाद अब सोनू-मोनू के मुंशी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग

पटना : बिहार के मोकामा में अपराध और बर्चस्व की जंग लगातार जारी है। गुरुवार रात को हजमा गांव में हुई जबरदस्त फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। यह गोलीबारी सोनू-मोनू गैंग के मुंशी रह चुके मुकेश के घर पर की गई। 

इस फायरिंग के पीछे का कारण सोनू-मोनू गैंग और पूर्व विधायक अनंत सिंह के बीच पुरानी दुश्मनी और मुकेश नाम के व्यक्ति को लेकर बढ़ता विवाद है।

अनंत सिंह ने सोनू-मोनू गैंग पर आरोप लगाया कि उन्होंने मुकेश के साथ मारपीट की और उसके घर में ताला जड़ दिया। वहीं, सोनू- मोनू ने दावा किया कि मुकेश ने उनके पैसे गबन किए हैं जिसके चलते विवाद बढ़ गया। बुधवार को भी पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में इसी विवाद के कारण गोलीबारी हुई थी। उस समय अनंत सिंह खुद सोनू-मोनू के घर पहुंचे थे और दोनों पक्षों में फायरिंग हुई थी।

गुरुवार रात की घटना के बाद एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक बुजुर्ग का बयान है कि लगभग 30-40 राउंड फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि फायरिंग के दौरान उन्होंने थाने में कई बार फोन किया, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।

फायरिंग के बाद मुकेश के घर के पास से कई कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि वारदात कितनी गंभीर थी।

इससे पहले बुधवार को हुई गोलीबारी को लेकर पुलिस ने तीन अलग-अलग केस दर्ज किए थे। पुलिस ने अनंत सिंह और सोनू-मोनू दोनों के खिलाफ दर्ज किया। सोनू की मां की ओर से दर्ज कराया गया, और मुकेश की तरफ से तीसरा केस दर्ज कराया गया। अब पुलिस नौरंगा गांव की गोलीबारी की जांच कर ही रही थी कि हजमा गांव में दोबारा गोलीबारी हो गई।

लगातार हो रही फायरिंग से मोकामा की जनता दहशत में है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, क्योंकि पुलिस की निष्क्रियता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार गोलीबारी होने के बावजूद पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में नाकाम साबित हो रही है।