अतुल सुभाष के ससुराल वाले फरार, पुलिस ने घर पर चस्पा किया नोटिस

  • Post By Admin on Dec 13 2024
अतुल सुभाष के ससुराल वाले फरार, पुलिस ने घर पर चस्पा किया नोटिस

बेंगलुरु : इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कर्नाटक पुलिस ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित अतुल की पत्नी निकिता सिंघानिया के घर पर दस्तक दी लेकिन परिवार बीती रात से फरार है। वही, घर पर ताला लगा हुआ था। घर के बाहर पुलिस ने एक नोटिस चिपका दिया है।  नोटिस में निकिता व उनके परिजनों से 3 दिन के भीतर बेंगलुरु में जांच अधिकारी के सामने पेश होने को कहा गया है। पुलिस ने निकिता, उसकी मां निशा सिंघानिया, भाई अनुराग सिंघानिया और अंकल सुशील सिंघानिया के खिलाफ अतुल के भाई की शिकायत पर FIR दर्ज की थी।

पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि रात करीब एक बजे निकिता की मां निशा और भाई अनुराग उर्फ पीयूष सिंघानिया अपने घर से मोटरसाइकिल पर निकले और तब से वापस नहीं लौटे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें उन्हें आधी रात के आसपास घर से निकलते हुए दिखाया गया।

वही, जौनपुर के पुलिस अधीक्षक अजयपाल शर्मा ने कहा कि खोवा मंडी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती की गई है। हालांकि, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस को परिवार के किसी सदस्य को गिरफ्तार करने या नजरबंद करने का आदेश नहीं मिला है।

अतुल सुभाष के भाई विकास ने कहा, "मैं चाहता हूं कि मेरे भाई को न्याय मिले। मैं उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहता हूं जो विधिक पदों पर बैठे हैं और भ्रष्टाचार कर रहे हैं।"

बता दे कि, अतुल का शव सोमवार को बेंगलुरु के मराठाहल्ली पुलिस थाना क्षेत्र के मंजूनाथ लेआउट इलाके में स्थित उनके घर में फंदे से लटका हुआ मिला था। सुसाइड नोट में अतुल ने अपनी पत्नी और ससुरालवालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे।