अपराधियों के हौसले बुलंद : गुरुद्वारे के बाहर दिनदहाड़े AAP नेता की हत्या

  • Post By Admin on Feb 06 2026
अपराधियों के हौसले बुलंद : गुरुद्वारे के बाहर दिनदहाड़े AAP नेता की हत्या

जालंधर : पंजाब के जालंधर शहर में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं पार्षद पद का चुनाव लड़ चुके लक्की ओबरॉय की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर की है, जहां बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्की ओबरॉय रोज की तरह सुबह करीब 8:15 बजे गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वह अपनी थार गाड़ी से उतर रहे थे, उसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उन पर 7 से 8 राउंड गोलियां चला दीं। फायरिंग में कई गोलियां उनकी छाती और सिर में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने के कारण उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और इन्वेस्टिगेशन टीम के एसपी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस सरेआम हत्या की घटना के बाद जालंधर शहर में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े गुरुद्वारे जैसे पवित्र स्थल के बाहर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।