25 साल से गालियां खा रहा हूं, फिर भी देश के लिए काम कर रहा हूं : पीएम मोदी

  • Post By Admin on Feb 06 2026
25 साल से गालियां खा रहा हूं, फिर भी देश के लिए काम कर रहा हूं : पीएम मोदी

नई दिल्ली : राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के जवाब के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए जा रहे नारों और आरोपों पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” जैसे नारे राजनीतिक आलोचना नहीं, बल्कि गहरी नफरत और कुंठा को दर्शाते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने के कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जो लोग ‘मुहब्बत की दुकान’ खोलने की बात करते हैं, वही देश के एक नागरिक की कब्र खोदने के नारे लगा रहे हैं। पीएम मोदी ने सवाल किया कि क्या यही मोहब्बत है और क्या यह संविधान की भावना के अनुरूप है।

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में शायद ही कोई ऐसा सत्र रहा हो, जिसमें उन्हें अपशब्दों और गालियों का सामना न करना पड़ा हो। उन्होंने एक पुराने इंटरव्यू का जिक्र करते हुए कहा था कि उनसे जब उनकी सेहत का राज पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया था—“मैं रोज दो किलो गालियां खाता हूं।” इस टिप्पणी पर सदन में ठहाके भी लगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मोदी की कब्र’ जैसे नारों के पीछे वजह यह है कि उनकी सरकार ने कई बड़े और साहसिक फैसले लिए हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, उत्तर-पूर्व में शांति स्थापित करने, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सीमा पार आतंकियों को जवाब देने और माओवादी हिंसा पर नियंत्रण जैसे कदमों का उल्लेख किया। पीएम मोदी के अनुसार, यही फैसले कुछ लोगों को असहज कर रहे हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उसकी असली परेशानी यह है कि वह यह स्वीकार नहीं कर पा रही कि एक सामान्य पृष्ठभूमि से आया व्यक्ति प्रधानमंत्री कैसे बना और कैसे लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी यह मानती है कि प्रधानमंत्री पद किसी परिवार की जागीर है।

‘गरीबी हटाओ’ के नारे पर सवाल उठाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दशकों तक कांग्रेस ने केवल नारे दिए, लेकिन गरीबी दूर करने के लिए ठोस प्रयास नहीं किए। इसके विपरीत उनकी सरकार ने गरीबों को सशक्त बनाने की दिशा में काम किया, जिसका परिणाम यह है कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।

प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में हजारों गांव ऐसे थे, जहां बिजली नहीं थी और रेलवे की अनमैंड क्रॉसिंग पर हर साल सैकड़ों जानें जाती थीं। उनकी सरकार ने सभी अनमैंड क्रॉसिंग बंद कर लाखों लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि जब देश विकास की राह पर आगे बढ़ता है, तब कुछ लोगों को प्रगति नहीं, बल्कि “मोदी की कब्र” की बातें सूझती हैं।