AI से किसानों की मदद करेगा बिहार का अभिषेक, इंटरनेशनल रिसर्च प्रोजेक्ट ओलंपियाड में प्रथम रैंक
- Post By Admin on Jun 14 2026
मुजफ्फरपुर मूल के छात्र अभिषेक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इंटरनेशनल रिसर्च प्रोजेक्ट ओलंपियाड (IRPrO) 2026 के ग्रैंड फिनाले में स्थान बनाया है। वर्तमान में मध्य प्रदेश के विदिशा स्थित स्प्रिंगफील्ड वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 10 के छात्र अभिषेक की इस उपलब्धि से बिहार और विशेष रूप से मुजफ्फरपुर जिले में खुशी की लहर है।
इंडोनेशिया साइंटिफिक सोसाइटी (ISS) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के युवा शोधकर्ता भाग लेते हैं। भारत से चयनित पांच टीमों में अभिषेक की टीम ने सर्वोच्च प्रदर्शन करते हुए इंडिया रैंक-1 (INDIA-001) हासिल की है। इसके साथ ही उनका प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में भारत का सबसे उच्च रैंक प्राप्त करने वाला प्रोजेक्ट बन गया है।अभिषेक का शोध प्रोजेक्ट "जीवनक्रेट एआई फॉर फार्मर्स" कृषि क्षेत्र से जुड़ी एक अभिनव पहल है। यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित प्रणाली फसल कटाई के बाद होने वाली खाद्य बर्बादी को कम करने के उद्देश्य से विकसित की गई है। इसमें स्मार्ट मॉनिटरिंग और प्रेडिक्टिव एनालिसिस तकनीक का उपयोग कर किसानों को कृषि उत्पादों की ताजगी, उनकी शेल्फ लाइफ और भंडारण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। इससे किसानों को बेहतर निर्णय लेने में मदद मिल सकती है तथा खाद्य क्षति को कम किया जा सकता है।
अभिषेक का मानना है कि फसल कटाई के बाद खाद्य पदार्थों की बर्बादी आज भी वैश्विक स्तर पर एक गंभीर समस्या बनी हुई है। उनका प्रोजेक्ट किसानों को एक व्यावहारिक और किफायती समाधान प्रदान करने का प्रयास है, जिससे उनकी आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि आपूर्ति श्रृंखला को भी मजबूत बनाया जा सके। अंतरराष्ट्रीय फाइनल के लिए चयन और भारत में प्रथम रैंक प्राप्त करना अभिषेक के लिए ही नहीं बल्कि बिहार, मुजफ्फरपुर, उनके विद्यालय और पूरे देश के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। अब वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी नवाचारी सोच और शोध क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। शिक्षाविदों का मानना है कि अभिषेक की यह उपलब्धि देश के अन्य विद्यार्थियों को भी शोध, नवाचार और वैज्ञानिक सोच के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।