पटना में अभिनेता राज रंजन ने सुशांत सिंह राजपूत को किया याद, न्याय की मांग भी उठाई

  • Post By Admin on Jun 14 2026
पटना में अभिनेता राज रंजन ने सुशांत सिंह राजपूत को किया याद, न्याय की मांग भी उठाई

पटना: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसी क्रम में अभिनेता एवं मॉडल राज रंजन ने पटना स्थित बिहार आर्ट थियेटर (कालिदास रंगालय) में मोमबत्तियां जलाकर सुशांत सिंह राजपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राज रंजन ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत ने अपने अभिनय और संघर्ष के दम पर देशभर में लाखों युवाओं को प्रेरित किया था। उनकी असमय मृत्यु ने फिल्म जगत के साथ-साथ उनके प्रशंसकों को भी गहरा आघात पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि आज भी लोग सुशांत को उसी भावनात्मक जुड़ाव के साथ याद करते हैं और उनकी कमी महसूस करते हैं। राज रंजन ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर सोशल मीडिया से लेकर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों तक लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि सुशांत की यादें आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में जीवित हैं।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान राज रंजन ने यह भी कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले से जुड़े तथ्यों का निष्पक्ष तरीके से खुलासा हो, ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी दिवंगत अभिनेता को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। सुशांत सिंह राजपूत को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और प्रेरणादायी सफर के लिए याद किया गया।