नए साल पर राजगीर में जू सफारी और नेचर सफारी रहेगा बंद

  • Post By Admin on Dec 28 2024
नए साल पर राजगीर में जू सफारी और नेचर सफारी रहेगा बंद

नालंदा : राजगीर में नए साल का स्वागत इस बार थोड़ा फीका रहेगा क्योंकि प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए 1 जनवरी 2025 को जू सफारी और नेचर सफारी को बंद रखने का निर्णय लिया है।

जू सफारी के डायरेक्टर ने बताया कि इस फैसले का मुख्य कारण इन स्थलों पर होने वाली अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा संबंधित चिंताएं हैं। हालांकि, पर्यटक अन्य प्रमुख स्थल जैसे वेणु वन, विश्व शांति स्तूप, पांडू पोखर, राजगीर कुंड और ऐतिहासिक नालंदा खंडहर का आनंद ले सकेंगे। ये स्थल सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।

राजगीर के जू सफारी और नेचर सफारी में पर्यटक प्राकृतिक परिवेश में वन्य जीवों को देख सकते थे और रोमांचक गतिविधियों का हिस्सा बन सकते थे। जैसे कि ग्लास ब्रिज, जिप लाइन, तीरंदाजी और शूटिंग। इस बीच, पर्यटक राजगीर में तांगा सवारी का आनंद भी ले सकते हैं। पटना से 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित राजगीर में 31 दिसम्बर तक सभी सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी।