राजगीर में बजरंग दल शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आगाज, युवाओं को मिला राष्ट्र सेवा का संदेश
- Post By Admin on May 31 2026
नालंदा : विश्व हिंदू परिषद दक्षिण बिहार प्रांत द्वारा आयोजित बजरंग दल शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का भव्य उद्घाटन शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर, हसनपुर (राजगीर) में वैदिक मंत्रोच्चार और सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शिक्षार्थियों ने भाग लिया। उद्घाटन सत्र में विश्व हिंदू परिषद पटना क्षेत्र के क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ बजरंग दल दक्षिण बिहार प्रांत के प्रांत संयोजक अधिवक्ता रजनीश जी, प्रांत उपाध्यक्ष परशुराम जी, नालंदा जिला अध्यक्ष देवेंद्र नारायण सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षण वर्ग के शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रांत संयोजक अधिवक्ता रजनीश जी ने प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र, समाज और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बजरंग दल युवाओं को सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करने का कार्य करता है। समाज में जरूरतमंद लोगों की सहायता, रक्तदान, गौसंरक्षण और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में संगठन की सक्रिय भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
आनंद जी ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना, उसके उद्देश्यों और विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन समाज में सांस्कृतिक जागरूकता, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करता है। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वासी, अनुशासित और राष्ट्रनिष्ठ बनने की प्रेरणा दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश और समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि युवा सकारात्मक दिशा में अपनी ऊर्जा का उपयोग करें तो वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षार्थियों ने समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। उद्घाटन सत्र का समापन राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।